भोपाल , मई 14 -- मध्यप्रदेश में सांची दुग्ध संघ ने दूध की कीमतों में दो रुपए प्रति लीटर की वृद्धि कर दी है। नई दरें 15 मई से लागू होंगी। दुग्ध संघ सूत्रों के अनुसार बढ़ी हुई कीमतों के बाद प्रदेश में सांची दूध उपभोक्ताओं को अधिक दाम पर मिलेगा। इससे पहले पिछले वर्ष 7 मई को सांची दूध के दाम बढ़ाए गए थे।

सूत्रों ने बताया कि अमूल और मदर डेयरी ने भी हाल ही में दूध की कीमतों में दो रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। इन कंपनियों की नई दरें 14 मई से लागू हो चुकी हैं। कंपनियों ने पशु आहार, पैकेजिंग और ईंधन की लागत बढ़ने को मूल्य वृद्धि का कारण बताया है।

भोपाल में पैक्ड दूध की सबसे अधिक खपत सांची ब्रांड की होती है। यहां प्रतिदिन साढ़े तीन लाख लीटर से अधिक सांची दूध की बिक्री होती है। इसके अलावा अमूल, सौरभ, श्रीधी और मदर डेयरी ब्रांड के दूध की भी बड़ी मात्रा में खपत होती है।

प्रदेश में खुले दूध की बिक्री भी बड़े स्तर पर होती है। भोपाल में प्रतिदिन लगभग 10 लाख लीटर खुले दूध की खपत बताई गई है। हाल ही में खुले दूध के दामों में भी दो रुपए प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित