भोपाल , मार्च 25 -- मध्यप्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को पेट्रोल-डीजल की कमी से जुड़ी सोशल मीडिया पर अफवाह फैलने के कारण पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें लगने के मामले में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कल देर रात सोशल मीडिया पर दिए अपने बयान में केंद्र सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ''लगता है मध्य प्रदेश में आज से पेट्रोल-डीजल का आपातकाल लग गया है। नरेंद्र मोदी के 'नए भारत' में पूरे प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी लाइनें हैं, लेकिन अधिकतर जगह पेट्रोल-डीजल नहीं मिल रहा है। मोदी है तो मुमकिन है।''विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आज सोशल मीडिया पर कहा कि प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर अचानक उमड़ी भीड़ प्रशासन की घोर विफलता और भाजपा सरकार के बड़े-बड़े वादों व तथाकथित "सुशासन" की पोल खोल रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि आम जनता घंटों लाइनों में खड़ी होकर परेशान हो रही है, और जिम्मेदार मौन हैं।

उन्होंने कहा कि पहले से ही देश एवं प्रदेश में गैस सिलेंडर का संकट गहराया हुआ है, ऊपर से अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर मची अफरा-तफरी ने स्थिति को और भयावह बना दिया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव से आग्रह है कि वे विषय को संज्ञान में लेते हुए अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्यवाही एवं सप्लाई और प्रबंधन को तुरंत दुरुस्त करें।

कल राज्य की राजधानी भोपाल समेत कई और हिस्सों में सोशल मीडिया पर इस प्रकार की अफवाहें फैल गईं थीं। इसके चलते पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें लग गईं और लगभग आधे घंटे में भी पेट्रोल न मिलने की शिकायतें सामने आने लगीं। देर रात भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और लोग अफवाहों से बचते हुए पैनिक में न आएं।

इंदौर समेत राज्य के कई और हिस्सों से भी पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारेां की तस्वीरें सामने आईं थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित