भोपाल , दिसंबर 24 -- विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद मध्यप्रदेश की मतदाता सूची की स्थिति स्पष्ट हो गई है। ड्राफ्ट के अनुसार मृत मतदाताओं की संख्या के मामले में जबलपुर जिला प्रदेश में सबसे आगे है, जबकि भोपाल और इंदौर में सबसे अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज होने की स्थिति में बुरहानपुर जिला प्रमुख रूप से सामने आया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव झा और संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आरपीएस जादौन ने बताया कि ड्राफ्ट सूची में प्रदेशभर से कुल 42 लाख 74 हजार मतदाता बाहर हुए हैं। इनमें 8 लाख 65 हजार 832 ऐसे मतदाता हैं, जिनसे आयोग संपर्क नहीं कर पाया। इन सभी को बुधवार से नोटिस जारी किए जाएंगे और आयोग द्वारा निर्धारित 11 दस्तावेज बीएलओ के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद उनका नाम पुनः जोड़ा जा सकेगा।
ड्राफ्ट के अनुसार मृत मतदाताओं में जबलपुर में 51 हजार 357, इंदौर में 43 हजार 741, सागर में 36 हजार 467, भोपाल में 33 हजार 791, धार में 27 हजार 943, ग्वालियर में 27 हजार 852 और उज्जैन में 27 हजार 851 नाम पाए गए हैं। प्रदेशभर में मृत श्रेणी के मतदाताओं की संख्या 8 लाख 46 हजार 184 है।
मतदाता शिफ्टिंग के मामलों में भोपाल 2 लाख 86 हजार 661 मतदाताओं के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। इसके बाद इंदौर में 1 लाख 97 हजार 898, ग्वालियर में 1 लाख 48 हजार 273, जबलपुर में 1 लाख 15 हजार 437 और सागर में 80 हजार 901 मतदाता शिफ्ट पाए गए। सभी जिलों को मिलाकर कुल शिफ्टेड वोटर्स की संख्या 22 लाख 78 हजार 393 है।
एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के नाम दर्ज होने के मामलों में बुरहानपुर में 23 हजार 594 वोटर्स के नाम पाए गए। इंदौर में 22 हजार 808, धार में 14 हजार 198, भोपाल में 14 हजार 171, उज्जैन में 14 हजार 100, जबलपुर में 13 हजार 869, सागर में 10 हजार 160 और ग्वालियर में 8 हजार 893 वोटर्स के नाम मल्टीपल एंट्री में सामने आए हैं।
एसआईआर ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्ति की प्रक्रिया चलेगी। इस अवधि में वास्तविक और पात्र मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से ऑफलाइन या ऑनलाइन अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित