भोपाल , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ एक अप्रैल से "स्कूल चलें हम" अभियान प्रारंभ होगा, जो 4 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान प्रदेशभर के स्कूलों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

स्कूल शिक्षा विभाग ने अभियान की तैयारियों को लेकर सभी जिलों के कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान के दौरान सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के नामांकन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रदेश में लगभग 92 हजार सरकारी स्कूलों में करीब 85 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

अभियान का राज्य स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में आयोजित होगा। वहीं जिला स्तर पर प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि प्रवेशोत्सव कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें वितरित की जाएंगी।

एक अप्रैल को सभी स्कूलों में बालसभा का आयोजन होगा तथा विशेष भोजन की व्यवस्था रहेगी। दूसरे दिन "भविष्य से भेंट" कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें प्रेरित करेंगे।

तीन अप्रैल को स्कूलों में पालकों की सहभागिता से सांस्कृतिक और खेल-कूद गतिविधियां आयोजित होंगी। साथ ही शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के पालकों को सम्मानित किया जाएगा।

चार अप्रैल को ऐसे विद्यार्थियों की पहचान की जाएगी, जो कक्षोन्नति में असफल रहे हैं और उनके अभिभावकों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसी दिन शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की बैठक आयोजित कर शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर चर्चा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित