भोपाल , अगस्त 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश के पार्टी नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारियां मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इससे मध्यप्रदेश भाजपा का संगठनात्मक प्रभाव और कद राष्ट्रीय स्तर पर और बढ़ेगा।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलना प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए गौरव का विषय है। पार्टी में दायित्व मिलना कार्यकर्ताओं के समर्पण, परिश्रम, निष्ठा और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है। इससे प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक अनुभव और कार्यपद्धति की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि लालसिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री, सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा को राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संकुल संयोजक, सांसद बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल को मीडिया विभाग का राष्ट्रीय सह-संयोजक बनाया जाना प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारियां प्राप्त करने वाले सभी नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूती प्रदान करेंगे। उनके अनुभव और कार्यकुशलता से भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन के कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र 'राष्ट्र प्रथम' है। राष्ट्रीय दायित्व प्राप्त सभी नेता संगठन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। श्री खण्डेलवाल ने सभी नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व, अनुभव और परिश्रम से भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित