भोपाल , जनवरी 13 -- मध्यप्रदेश पुलिस ने विगत चार दिनों में प्रदेश के विभिन्न शहरों में चोरी, डकैती, नकबजनी एवं अन्य संपत्ति संबंधी गंभीर अपराधों के विरुद्ध त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विदिशा, छतरपुर, इंदौर, देवास, उज्जैन, सीहोर, मुरैना और मंडला सहित कई जिलों में की गई संयुक्त कार्रवाइयों के दौरान संगठित आपराधिक गिरोहों का पर्दाफाश कर लगभग 89 लाख 40 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार विदिशा में कोतवाली पुलिस ने अरिहंत ज्वैलर्स डकैती कांड का खुलासा करते हुए 260 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, 180 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ और आठ विशेष टीमों की संयुक्त कार्रवाई के बाद तीन आरोपियों और दो विधि विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार कर लगभग 13 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।

जबकि छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम प्रतापपुरा में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2.6 तोला सोना, 1.435 किलोग्राम चांदी और नगद राशि सहित लगभग 5 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।

वही इंदौर में थाना हीरानगर पुलिस ने मोबाइल टावरों से 5जी नेटवर्क उपकरण चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश कर चोरी किए गए उपकरण और घटना में प्रयुक्त वाहन सहित लगभग 9 लाख 30 हजार रुपये का सामान बरामद किया। वहीं, थाना द्वारकापुरी पुलिस ने नकबजनी की चार वारदातों में संलिप्त शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लगभग 5 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।

तो देवास में ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से सूने घरों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया। पुलिस ने तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नगद राशि जब्त की है।

पुलिस ने उज्जैन में लॉकर चोरी की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 35 लाख रुपये मूल्य का 230 ग्राम सोना जब्त किया। वही सीहोर जिले के थाना रेहटी पुलिस ने ग्राम कोसमी से चोरी हुई धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को मात्र तीन दिनों के भीतर बरामद कर लगभग 10 लाख रुपये की संपत्ति शत-प्रतिशत जब्त की।

वही मुरैना जिले में थाना पोरसा पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 80 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए। तो मंडला जिले में थाना कोतवाली पुलिस ने केबल वायर चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये का चोरी गया सामान जब्त किया है।

पुलिस मुख्यालय का कहना है कि इन संयुक्त कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश पुलिस अपराध नियंत्रण, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के प्रति पूरी तरह सक्रिय, सजग और संवेदनशील है। आधुनिक तकनीक, मजबूत मुखबिर तंत्र और प्रभावी टीमवर्क के माध्यम से पुलिस ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ नागरिकों के विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित