भोपाल , फरवरी 04 -- मध्यप्रदेश पुलिस ने अपराध नियंत्रण एवं नागरिक सुरक्षा के प्रति अपनी सतत प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए प्रदेश के तीन अलग-अलग जिलों में हुई गंभीर लूट की घटनाओं का त्वरित एवं प्रभावी खुलासा किया है। इन कार्रवाइयों में आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही 70 लाख रुपये से अधिक की लूटी गई नकदी एवं सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 03 फरवरी की रात्रि नरसिंहपुर नगर स्थित होटल कुमुम वैली में 3 से 4 नकाबपोश बदमाशों द्वारा लगभग एक करोड़ रुपये की नकदी लूट की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर चंद घंटों में मामले का खुलासा कर दिया। जांच के दौरान होटल के मैनेजर की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाना स्वीकार किया। मैनेजर को होटल में रखी नकदी की पूर्व जानकारी थी, जिसका उसने लालच में दुरुपयोग किया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 60 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं।
इसी तरह जिला राजगढ़ के थाना कुरावर क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर चार पहिया वाहन चालक को रोककर मिर्ची डालकर बंधक बनाने तथा उसके बैंक खाते से 1 लाख 26 हजार 400 रुपये आहरित करने की घटना का भी पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है। विशेष पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं मोबाइल ट्रैकिंग के आधार पर राजस्थान राज्य के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 26 हजार 400 रुपये नगद, मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
छिंदवाड़ा जिले के थाना देहात क्षेत्र अंतर्गत गांगीवाड़ा में साप्ताहिक बाजार से लौटते समय एक सराफा व्यवसायी से हुई लूट की घटना को भी पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमें गठित कर तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच की गई। जांच के परिणामस्वरूप एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2 किलो 300 ग्राम चांदी के जेवरात तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई में करीब 9 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई है।
इन सफल कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश पुलिस अपराधियों के विरुद्ध त्वरित, तकनीकी एवं समन्वित कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा नागरिकों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कठोर कदम उठा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित