भोपाल , जनवरी 30 -- मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा और संपत्ति संबंधी अपराधों जैसे चोरी, नकबजनी और लूट की रोकथाम के लिए प्रदेशभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते एक सप्ताह के दौरान पन्ना, शिवपुरी, इंदौर, रतलाम, भोपाल सहित अन्य जिलों में की गई प्रभावी कार्रवाई में पुलिस ने 1 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की है। बरामद सामग्री में सोना-चांदी के आभूषण, वाहन और नकदी शामिल हैं।
पन्ना जिले में पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में मंदिरों और सूने मकानों को निशाना बनाने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो जमानत पर रिहा होने के बाद फिर से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने पन्ना जिले की 11, सतना की 5 और कटनी की 3 वारदातों सहित कुल 19 चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, भगवान के छत्र, मुकुट, करीब ढाई किलो गलायी गई चांदी, 6 कटर, 4 मोटरसाइकिल और 8 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में सराफा व्यापारी की दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 9 किलो 128 ग्राम चांदी बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 32 लाख रुपये आंकी गई है।
इंदौर में दो बड़ी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है। आजाद नगर थाना पुलिस ने शादी समारोह में गए परिवार के सूने मकान में हुई चोरी को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से 8 लाख 37 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। वहीं संयोगितागंज थाना पुलिस ने चिड़ियाघर पार्किंग से हुई सोने और डायमंड की चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर 10 लाख 75 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।
रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 5 लाख 22 हजार रुपये की चोरी की सामग्री, एक कार और औजार बरामद किए गए हैं।
भोपाल के अयोध्या नगर थाना पुलिस ने तीन शातिर नकबजनों को गिरफ्तार कर चोरी की चार घटनाओं का खुलासा किया है। आरोपियों से 4 लाख 50 हजार रुपये की चोरी की सामग्री और तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।
इसके अलावा अन्य जिलों में भी उल्लेखनीय कार्रवाई की गई है। छतरपुर जिले में अंतर्राज्यीय चोरों से 4 लाख रुपये के आभूषण, बालाघाट में 2 लाख 50 हजार रुपये की चोरी की संपत्ति, विदिशा जिले में बीजासन माता मंदिर चोरी मामले में 1 लाख 30 हजार रुपये की सामग्री, खरगोन जिले में पार्किंग में खड़ी कार से चोरी के मामले में 1 लाख 06 हजार रुपये तथा कटनी जिले में धार्मिक स्थल पर हुई चोरी के मामले में 80 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित