भोपाल , जुलाई 3 -- मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा 'मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज-2026' का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों द्वारा ऑनलाइन पंजीयन एक जुलाई से 25 जुलाई तक किया जा सकेगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई एवं केंद्रीय विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी इस प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे। विद्यालयों को 25 जुलाई शाम 5:30 बजे तक पंजीयन कराना होगा। पंजीयन मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://www.mptourism.com/tourismquiz2026/schools/ पर किया जा सकता है।

'बूझो जानो फिर देखो अपना प्रदेश' विषय पर आधारित जिला स्तरीय पर्यटन क्विज का आयोजन सात अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ किया जाएगा। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के पर्यटन, इतिहास, कला, संस्कृति, धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक धरोहरों से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रथम चरण की लिखित परीक्षा के आधार पर चयनित शीर्ष छह टीमों के बीच ऑडियो-विजुअल आधारित अंतिम चरण आयोजित होगा। प्रत्येक जिले की विजेता टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

पर्यटन बोर्ड के अनुसार वर्ष 2025 में आयोजित प्रतियोगिता में 24 हजार 489 विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जबकि 8 हजार 163 विद्यालयों ने अपने विद्यार्थियों का पंजीयन कराया था।

प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों को मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से आकर्षक पर्यटन पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक जिले की प्रथम तीन टीमों को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में दो रात और तीन दिन के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन मिलेगा। इसके अलावा अगली तीन उपविजेता टीमों को एक रात और दो दिन के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन प्रदान किया जाएगा। इन भ्रमणों के दौरान विद्यार्थियों के आवास, भोजन, स्थानीय भ्रमण तथा आने-जाने का पूरा खर्च पर्यटन बोर्ड वहन करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित