भोपाल , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार मुकेश सिंह को नर्सिंग परीक्षाओं में गड़बड़ी और परीक्षा परिणामों में देरी के चलते पद से हटा दिया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई है।
काउंसिल के कार्यालय के बाहर नर्सिंग छात्र पिछले पांच दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। नर्सिंग छात्रों के संगठन एनएसओ के सदस्य 08 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि सभी जीएनएम विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएं और आगामी परीक्षाएं आयोजित कराई जाएं। इसके अलावा बीएससी नर्सिंग छात्रों के परिणाम घोषित करने तथा परीक्षाएं कराने की मांग भी की जा रही है।
छात्रों ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के साथ पैरामेडिकल विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भी छात्रवृत्ति की व्यवस्था करने की मांग की है।
छात्रों की अन्य मांगों में नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संस्थानों को जबलपुर स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी से जोड़ना तथा फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम लागू करना शामिल है। छात्रों का कहना है कि नर्सिंग परीक्षाओं में गड़बड़ी और परीक्षा परिणाम जारी करने में हो रही देरी के कारण विद्यार्थियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लंबित परिणाम जारी करने और परीक्षाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित