भोपाल , दिसंबर 30 -- नई दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप (शॉटगन इवेंट्स) में मध्यप्रदेश की महिला निशानेबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता 1 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें देशभर के शीर्ष शूटरों ने भाग लिया।
ट्रैप वूमन व्यक्तिगत फाइनल में मध्यप्रदेश की नीरू ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया। इसी स्पर्धा में प्रगति दुबे ने कांस्य पदक अर्जित कर प्रदेश को दोहरा गौरव दिलाया।
टीम ट्रैप वूमन स्पर्धा में प्रगति दुबे, नीरू और मनीषा कीर की टीम ने बेहतरीन तालमेल और सटीक निशानेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान दिलाया।
जूनियर ट्रैप फाइनल में मानविता सिंह रावत ने चौथा स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह उपलब्धि उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति का संकेत है।
इस प्रकार, मध्यप्रदेश ने शॉटगन (ट्रैप) स्पर्धाओं में कुल 3 पदक (2 स्वर्ण एवं 1 कांस्य) अर्जित कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई।
सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी और कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम है। उन्होंने आशा जताई कि मध्यप्रदेश की महिला शूटर आगामी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे आधुनिक प्रशिक्षण, उत्कृष्ट कोचिंग एवं खेल अधोसंरचना का प्रतिफल है। विभाग ने विश्वास जताया कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में नई ऊँचाइयाँ हासिल करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित