भोपाल , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी के लाल परेड ग्राउंड में एक से तीन नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक नवंबर को सुबह 11 बजे विभिन्न विकास प्रदर्शनियों और शाम 6.30 बजे मुख्य सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन संध्या में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पार्श्व गायिका मोनाली ठाकुर सुगम संगीत की प्रस्तुति देंगी, जबकि तीन नवंबर को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक गायक मामे खान की प्रस्तुति के साथ उत्सव का समापन होगा।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि इस वर्ष राज्योत्सव की केंद्रीय थीम 'विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश' रखी गई है। आयोजन में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और आधुनिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। तीन दिनों तक लोक एवं जनजातीय नृत्य, सुगम संगीत, वाद्यवृंद, आतिशबाजी, हस्तशिल्प और देशज व्यंजनों के आयोजन होंगे।

मुख्यमंत्री एक नवंबर को सुबह 11 बजे लाल परेड ग्राउंड में आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और देशज व्यंजन मेले का उद्घाटन करेंगे। शाम 6.30 बजे मुख्य सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को 'भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति' और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को एक लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। खंडवा जिले से सर्वाधिक छह विद्यार्थी चयनित हुए हैं।

'किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज' के 165 विजेताओं को भी मुख्यमंत्री पुरस्कृत करेंगे। ऑनलाइन प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 40 हजार किसानों ने भाग लिया था। शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले 15 हजार 298 प्रतिभागियों की मेरिट से लॉटरी के माध्यम से 55 जिलों के 165 विजेताओं का चयन किया गया है। प्रत्येक जिले के तीन विजेताओं को क्रमशः ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर दिए जाएंगे। भोपाल के विजेताओं को मुख्यमंत्री स्वयं पुरस्कार प्रदान करेंगे, जबकि अन्य जिलों में प्रभारी मंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे।

राज्योत्सव में महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ की कार्यशाला में वरिष्ठ चित्रकारों द्वारा तैयार 'राजा भोज का भोपाल' विषय पर 160 वॉटर कलर चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कृषि प्रदर्शनी में उन्नत बीज, जैविक इनपुट, स्मार्ट सिंचाई और एग्री-स्टार्टअप के नवाचार प्रदर्शित होंगे। महिला उद्यमिता मंडप और किसान बाजार में स्व-सहायता समूहों के उत्पाद तथा हस्तशिल्प उपलब्ध रहेंगे। 'स्वाद-देशज व्यंजन मेला' में मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकोशल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद प्रतिदिन दोपहर 12 से रात आठ बजे तक लिया जा सकेगा।

स्थापना दिवस के पूर्वरंग में 30 अक्टूबर को संत हिरदाराम नगर से लाल परेड ग्राउंड और जवाहर चौक से मंडीदीप तक सांस्कृतिक गौरव यात्राएं निकाली गईं। 31 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 400 से अधिक लोक एवं जनजातीय कलाकारों के साथ दो और यात्राएं निकाली जाएंगी। पहली यात्रा ज्योति टॉकीज से शुरू होकर बोर्ड ऑफिस चौराहा, 10 नंबर मार्केट, शाहपुरा लेक, कोलार रोड, नेहरू नगर और नीलबड़ होते हुए रातीबड़ पहुंचेगी। दूसरी यात्रा बैरसिया से शुरू होकर नादरा बस स्टैंड, अशोका गार्डन, गोविंदपुरा, पिपलानी और अयोध्या नगर होते हुए आनंद नगर में संपन्न होगी।

मुख्य समारोह की शुरुआत 'देशराग' प्रस्तुति से होगी, जिसमें 71 बच्चे राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन करेंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस बैंड राष्ट्रगान प्रस्तुत करेगा और आतिशबाजी की जाएगी। उद्घाटन संध्या में मोनाली ठाकुर और उनके साथी सुगम संगीत की प्रस्तुति देंगे। दो नवंबर को शाम 6.30 बजे से मध्यप्रदेश के करमा, सैला, भगोरिया, बधाई, मटकी और काठी सहित विभिन्न राज्यों के घूमर, भांगड़ा, पंथी और लेझिम जैसे 20 से अधिक पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद 'अनुगूँज-ब्रीदिंग फिएस्टा' में वाद्यवृंद संगीत की प्रस्तुति होगी। तीन नवंबर को लोक नृत्यों के बाद राजस्थान के जैसलमेर के लोक गायक मामे खान और उनका दल प्रस्तुति देगा।

राज्योत्सव में कृषि केंद्रित संगोष्ठी भी आयोजित होगी। इसमें जैविक एवं प्राकृतिक खेती, उर्वरक वितरण, उन्नत बीज उत्पादन, कृषि विकास में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की भूमिका, कृषि यंत्रीकरण, नरवाई प्रबंधन, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य विकास और कृषि ऋण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही कृषि यंत्रों, सिंचाई उपकरणों, उन्नत बीजों, पौध संरक्षण तकनीकों, पशुधन, दुग्ध उत्पादों और जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री भी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित