मधेपुरा , अक्टूबर 15 -- बिहार में मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर विभिन्न ब्रांडों की 53.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस मुख्यालय, बिहार, पटना और पुलिस उप महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा के आदेश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत मुरलीगंज थानाध्यक्ष अकमल हुसैन के नेतृत्व में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वार्ड संख्या 12 स्थित अजय साह के घर पर छापेमारी की। अजय साह, मानिकचन्द्र साह का पुत्र है। इस दौरान विभिन्न ब्रांडों की कुल 53.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

इस मामले में शराब के क्रय-विक्रय और भंडारण के आरोप में अजय साह तथा शंभू यादव के विरुद्ध मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अजय साह को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि फरार आरोपी शंभू यादव की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित