मधेपुरा , अगस्त 12 -- हर घर तिरंगा अभियान-2026' एवं राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को जिला प्रशासन के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी अभिषेक रंजन के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरीय अधिकारियों सहित पदाधिकारियों, कर्मियों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, स्काउट-गाइड, जीविका दीदियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत समाहरणालय परिसर से हुई। यात्रा बी.पी. मंडल चौक, बस स्टैंड होते हुए भूपेंद्र चौक तक पहुंची। लगभग एक किलोमीटर लंबी यात्रा में जिलाधिकारी स्वयं पैदल शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों के जोश एवं उत्साह से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा के दौरान 'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम्' सहित देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा।

यात्रा के मार्ग में सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में नागरिकों की भीड़ जुटी रही। विशेष रूप से स्कूली बच्चों एवं खिलाड़ियों में तिरंगा यात्रा को लेकर उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने भी पूरे जोश के साथ यात्रा में सहभागिता की। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में यात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित