मधेपुरा , अक्टूबर 28 -- बिहार के मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा पंचायत स्थित डीएसपी टोला, वार्ड संख्या 11 में बुधवार को गैस सिलेंडर से लगी भीषण आग में 10 घर जलकर राख हो गये। इस अगलगी में कपड़े, अनाज, घरेलू सामान और जमा-पूंजी समेत करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। आग के दौरान दो गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गये, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आ गये। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग पर पूरी तरह काबू पाने में लगभग दो घंटे लगे।
मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र यादव ने जिलाधिकारी से शंकरपुर प्रखंड में अग्निशमन केंद्र स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रखंड में दमकल केंद्र नहीं होने के कारण अगलगी जैसी आपात घटनाओं के दौरान काफी परेशानी होती है। समय पर अग्निशमन सेवा उपलब्ध होने से जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित