मधेपुरा , जुलाई 08 -- बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुरलीगंज थाना क्षेत्र की दिनापट्टी सखुआ पंचायत के सखुआ वार्ड संख्या-10 निवासी फूलचंद पासवान के पुत्र दिलखुश कुमार को अपराधियों ने गोली मार दी। परिजनों ने उसे मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मधेपुरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

घायल की पत्नी लवली देवी ने बताया कि घटना से पहले पांच-छह अपराधी उनके घर पहुंचे और दिलखुश कुमार के बारे में पूछताछ की। परिवार वालों ने बताया कि वह नहर की ओर गया है। इसके बाद बदमाश वहां पहुंचे और दिलखुश के साथ मारपीट करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने उस पर गोली चला दी और हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल तथा उसके परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित