मधेपुरा, मार्च 15 -- बिहार में मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गयी तथा उसका पति घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि लौआलगान स्थित बाबा विशु राउत मंदिर-चिरौरी मार्ग पर शनिवार की देर रात स्कार्पियो की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई जबकि उसका पति घायल हो गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक फरार हो गया, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन मालिक को बंधक बना लिया।

सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र के बसनबड़ा पंचायत के पुरैनी बासा वार्ड नंबर 10 निवासी गोविंद सिंह की पत्नी रूबी देवी (35) के रूप में की गयी है। दंपति खोपड़िया गांव से एक शादी समारोह का भोज खाकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इस दौरान लौआलगान बाबा विशु राउत मंदिर-चिरौरी मार्ग पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई, जिससे पीछे बैठी रूबी देवी नीचे गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि घायल महिला का इलाज चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है।शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित