मधेपुरा , मई 29 -- बिहार के मधेपुरा जिले में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ भोजपुरी गाने पर वीडियो बनाकर वायरल करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक महिला का हथियार लहराते हुए वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ.संदीप सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमेन्द्र भारती के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई।
गठित टीम ने वायरल वीडियो का सत्यापन किया। जांच में हथियार का प्रदर्शन करने वाली महिला की पहचान मठाही वार्ड संख्या-04 निवासी दीपक कुमार की पत्नी ललिता देवी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर ललिता देवी को वीडियो में प्रदर्शित अवैध देशी मास्केट के साथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि हथियार से कोई गोली बरामद नहीं हुई।
सूत्रों ने बताया कि इस मामले में मधेपुरा थाना कांड संख्या-576/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1 बी)ए एवं 25(9) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित