मधेपुरा , अप्रैल 28 -- बिहार के मधेपुरा जिले में स्थित बाबा सिंहेश्वर स्थान मंदिर में कथित तौर पर शराब सेवन और आपत्तिजनक गतिविधियों के आरोप में बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने सख्त कार्रवाई करते हुए न्यास समिति सदस्य संजीव कुमार ठाकुर को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मंदिर परिसर को कथित रूप से गलत गतिविधियों का अड्डा बनाए जाने की शिकायत सामने आई थी। आरोप है कि न केवल शराब का सेवन किया गया, बल्कि मंदिर की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले कृत्य भी किए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराई गई, जिसमें जिलाधिकारी कार्यालय की रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि हुई।
पर्षद ने स्पष्ट कहा कि मंदिर न्यास समिति में बने रहने के लिए "स्वच्छ छवि" अनिवार्य है और इस प्रकार का आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। इसी आधार पर अध्यक्ष प्रो. रणवीर नंदन के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए संजीव कुमार ठाकुर की सदस्यता समाप्त कर दी गई।हटाए गए सदस्य की जगह पंडा समाज के अमरनाथ ठाकुर उर्फ लाल बाबा को न्यास समिति में शामिल किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित