मधेपुरा , जुलाई 01 -- बिहार के मधेपुरा जिले के आलमनगर नगर पंचायत क्षेत्र में बुधवार की सुबह कथित रूप से बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद स्वयं को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि आलमनगर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी नवल किशोर भगत के बड़े पुत्र पंकज कुमार (35) और छोटे पुत्र छोटू कुमार (28) गांव में किराना की दुकान चलाते थे। दोनों भाई साथ रहते, साथ भोजन करते और एक ही कमरे में सोते थे।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पंकज कुमार ने विवाह करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद परिवार ने छोटे भाई छोटू कुमार का रिश्ता तय कर दिया। 28 जून को फलदान की रस्म हुई थी और आठ जुलाई को विवाह होना था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।

मृतकों के पिता नवल किशोर भगत ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह वह शौचालय गए थे। इसी दौरान उन्हें दो बार गोली चलने की आवाज सुनाई दी, लेकिन शादी का माहौल होने के कारण उन्होंने इसे पटाखे की आवाज समझा। वापस लौटने पर कमरे का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खोलने पर दोनों पुत्रों के शव कमरे में मां की तस्वीर के सामने पड़े मिले।

सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रतीत होता है कि पंकज कुमार ने सोते समय छोटे भाई की कनपटी में गोली मारकर उसकी हत्या की और बाद में खुद को भी गोली मार ली। घटना की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित