मधेपुरा , मई 24 -- बिहार में मधेपुरा जिले में सिंहेश्वर थाना की पुलिस ने फिरौती के लिए अपहरण किए गए एक युवक को सकुशल बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि शनिवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे चार दिनों से बंधक बनाकर रखा गया है। फिरौती नहीं देने पर आरोपित उसे स्टाम्प पेपर पर जमीन लिखवाने के लिए झिटकिया लेकर आए थे।सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. संदीप सिंह के निर्देश पर सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झिटकिया में घेराबंदी कर अपहृत खगड़िया जिला निवासी नीतीश कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से एक अपहरणकर्ता संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया। वहीं, तीन अन्य फरार हो गए।

गिरफ्तार संदीप कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने सिंहेश्वर दुर्गा चौक के पास छापेमारी कर दूसरे अभियुक्त श्रवण ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा फरार अभियुक्त मोनू कुमार के घर पर छापेमारी के दौरान अपहृत की मोटरसाइकिल तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।पुलिस ने इस मामले में सिंहेश्वर थाना कांड संख्या-215/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित