मधेपुरा , जुलाई 02 -- बिहार में मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में बुधमा कैंप की पुलिस ने गुरुवार को नयानगर स्थित एक बांसबिट्टी से बोरी में बंद एक महिला का शव बरामद किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतका की पहचान नयानगर पंचायत के वार्ड-14 निवासी प्रकाश शर्मा की पत्नी सविता देवी के रूप में हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव के पास से लगभग छह मीटर लंबी मोटी रस्सी भी बरामद की है। पुलिस आशंका जता रही है कि हत्या में इसी रस्सी का इस्तेमाल किया गया हो सकता है।

मृतका के पिता सुरेंद्र दास नेआरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर हत्या कर शव को बोरी में बंद कर झाड़ियों में फेंक दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। मृतका का पति मजदूरी के लिए बाहर रहता है, जबकि सविता देवी गांव और आसपास के मेलों में खिलौने बेचकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती थीं।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित