मधेपुरा , मार्च 01 -- बिहार में मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र के रतनपट्टी-भलनी मार्ग पर शनिवार देर संध्या बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
इस संबंध में पीड़ित भलनी वार्ड चार निवासी अरविंद कुमार ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, वह शनिवार देर शाम मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। बांसबिट्टी के समीप स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों ने ओवरटेक कर उन्हें रोका और हथियार दिखाकर करीब 50 हजार रुपये मूल्य की सोने की अंगूठी, 3500 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूट लिया। तीनों बदमाशों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था, जिससे पहचान नहीं हो सकी।
घटना के बाद मुरलीगंज थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी के लिये आवेदन दिया गया है। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित