मधेपुरा, मार्च 13 -- मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के मोहनपुर पंचायत वार्ड-11 में गुरुवार की रात बदमाशों ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।

मृतक की पहचान मोहनपुर पंचायत के पत्नी टोला वार्ड-11 निवासी मनोज मेहता के 21 वर्षीय बेटे रवि मोहन कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायलों में उसके पड़ोसी ओपी ऋषिदेव के बेटे छत्तीस कुमार और उपेंद्र ऋषिदेव के बेटे विक्रम कुमार शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक रात्रि भोजन के बाद घर से करीब 100 मीटर दूर ड्रेनेज के किनारे टहलने निकले थे। इसी दौरान छह बाइक पर सवार 12 बदमाश वहां पहुंचे और हथियार के बल पर मारपीट शुरू कर दी तथा चाकू से हमला किया।

हमले के दौरान विक्रम कुमार और छत्तीस कुमार किसी तरह जान बचाकर पास के खेत में छिप गए, जबकि बदमाशों ने रवि मोहन कुमार को पकड़ लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

सूचना मिलते ही बिहारीगंज थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया। उदाकिशुनगंज सब डिविजिनल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अविनाश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित