मधेपुरा , मई 25 -- मधेपुरा जिले में उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के रामपुर डेहरू गांव में अज्ञात अपराधियों ने बीती रात एक 45 वर्षीय व्यक्ति के घर में घुसकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।

मृतक की पहचान रामपुर डेहरू निवासी बाला मेहता के पुत्र कामौ मेहता के रूप में हुई है।

मृतक की पत्नी गीता देवी ने बताया कि रविवार देर रात कुछ हथियारबंद अपराधी अचानक उनके घर में घुस आए। उस समय कामौ मेहता गहरी नींद में सो रहे थे। अपराधियों ने उन्हें संभलने का मौका तक नहीं दिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

परिजनों के अनुसार श्री मेहता को तीन गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज और बिहारीगंज थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

सब डिविजिनल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अविनाश कुमार ने बताया कि फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आपसी रंजिश और भूमि विवाद समेत सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया है और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित