चंडीगढ़ , अगस्त 05 -- पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने बुधवार को चंडीगढ़ में विभागके वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर मधुमक्खी पालन, रेशम उत्पादन (सेरीकल्चर) और मशरूम उत्पादन से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए लगातार कार्य कर रही है।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री भगत ने कहा कि किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए फसल विविधीकरण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी पालन, रेशम उत्पादन और मशरूम की खेती जैसी सहायक गतिविधियां किसानों के लिए अतिरिक्त आय का महत्वपूर्ण स्रोत बन रही हैं और बागवानी क्षेत्र को अधिक लाभकारी बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।

कैबिनेट मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होने से विभाग की कार्यक्षमता और बेहतर होगी। उन्होंने विभाग से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक मामलों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिये कि किसानों के हित में चलाई जा रही सभी योजनाओं और पहलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से पूरा किया जाये।

श्री भगत ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ आय बढ़ाने वाले वैकल्पिक कृषि व्यवसायों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सके।

बैठक में बागवानी विभाग के सचिव अर्शदीप सिंह थिंद और अतिरिक्त सचिव लतीफ अहमद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित