बैतूल , मई 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसोड़ी में गन्ने के खेत में काम कर रहे एक 14 वर्षीय छात्र की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। किशोर ने शुरुआत में इसे मधुमक्खी का डंक समझा और खेत से स्वयं बाइक चलाकर घर पहुंच गया, लेकिन बाद में उसकी तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम परसोड़ी निवासी रोशन पवार (14) पिता जयप्रकाश पवार कक्षा नौवीं का छात्र था। मंगलवार दोपहर वह अपने खेत में लगी गन्ने की फसल में पानी देने गया था। लगभग एक बजे वह नाली में फंसा कचरा हाथ से निकाल रहा था, तभी उसकी उंगली में तेज चुभन महसूस हुई।
रोशन ने इसे मधुमक्खी का डंक समझकर पास के खेत में काम कर रहे अपने चचेरे भाई निखिल से कहा कि वह घर होकर आता है और तब तक पानी देखता रहे। इसके बाद वह करीब दो किलोमीटर तक बाइक चलाकर स्वयं घर पहुंचा और परिजनों को मधुमक्खी के काटने की जानकारी दी।
कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने के साथ उल्टियां शुरू हो गईं। परिजनों ने उसकी चौथी उंगली पर सांप के दांत के गहरे निशान देखे, जिसके बाद सर्पदंश की आशंका हुई। अनुमान लगाया जा रहा है कि सांप ने पूरी उंगली मुंह में दबा ली थी, जिससे गहरे निशान बने।
परिजन उसे तत्काल आमला के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के साथ एंटी स्नेक वेनम दिया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। आमला थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित