मधुबनी , सितंबर 28 -- बिहार में मधुबनी जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 765 लीटर नेपाली देसी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हरियाणा नंबर की स्कॉर्पियो भी जब्त की गई है।

एसएसबी के अनुसार, 48वीं वाहिनी जयनगर की 'सी' समवाय पिपरौन और बाह्य सीमा चौकी महादेवपट्टी की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि एक सफेद स्कॉर्पियो में नेपाली शराब की खेप लेकर उमगांव के रास्ते बासोपट्टी की ओर ले जायी जा रही है।

सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 284/20 से करीब 900 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर दुर्गापट्टी गांव के पास संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति वाहन छोड़कर भागने लगे। एसएसबी जवानों ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि चालक फरार होने में सफल रहा।

पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें रखी 17 बोरियों से 300 मिलीलीटर की 2,550 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 765 लीटर बतायी गयी है।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान हरलाखी थाना क्षेत्र के गंगौर निवासी अमरेश कुमार (19) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि शराब की खेप नेपाल के बुलेट यादव से प्राप्त हुई थी। इसे दुर्गापट्टी में गोपालपुर, गंगौर निवासी भारत सफी को सौंपना था, जहां से शराब की खेप बासोपट्टी में नितीश महतो और सुरेश महतो तक पहुंचायी जानी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित