मधुबनी , अक्टूबर 23 -- िहार के मधुबनी जिले में रहिका थाना पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने 56 जिंदा कारतूस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कलुआही थाना क्षेत्र के बेलाही गांव निवासी नरेन्द्र भारती के रूप में की गयी है। गुरुवार की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में कारतूस की डिलीवरी देने नाजिरपुर आने वाला है। इसके बाद पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नाजिरपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर बाइक सवार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 56 जिंदा कारतूस बरामद किये गये।
सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियार और कारतूस की खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है। इस मामले में रहिका थाना में कांड संख्या 297/26 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित