मधुबनी , अक्टूबर 12 -- बिहार में मधुबनी जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने 13.80 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
एसएसबी की 48वीं वाहिनी, जयनगर के पिपरौन अंतर्गत सीमा चौकी महादेवपट्टी के जवानों ने विशेष नाका अभियान के दौरान यह कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान उसकी बाइक भी जब्त की गयी है।
भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 283 से करीब डेढ़ किलोमीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर उमगांव के पास तलाशी में सोनू कुमार झा (24), निवासी उमगांव, के पास से 13.80 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद की गयी। बरामद पदार्थ की जांच ड्रग डिटेक्शन किट और नारकोटिक्स डॉग की मदद से भी की गयी।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने उक्त पदार्थ जोगिया निवासी राम भरोसे यादव से प्राप्त किया था और उसे बासोपट्टी के सोहपुर निवासी तिरपुरारी तक पहुंचाने अथवा बेचने जा रहा था। एसएसबी ने बताया कि पूछताछ में सामने आये तथ्यों का संबंधित एजेंसियों द्वारा सत्यापन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित