मधुबनी , अक्टूबर 21 -- िहार के मधुबनी जिले के भैरवस्थान थाना क्षेत्र के सर्वसीमा गांव में बाइक की किस्त और पूर्व रंजिश को लेकर विवाहिता की चाकू मारकर हत्या किये जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 19 अक्टूबर की रात करीब 9:45 बजे की है। सर्वसीमा गांव में पड़ोस के युवकों ने काजल कुमारी पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची भैरवस्थान थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रामशिला अस्पताल, सकरी भेजा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया। मृतका की मां के आवेदन पर भैरवस्थान थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी। घटनास्थल का निरीक्षण झंझारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने किया।

पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी दिल्ली भागने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर प्राथमिकी दर्ज होने के तीन घंटे के भीतर नरवार आईबी चौक से दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जतिन चौधरी उर्फ विपुल के रूप में हुई है, जो सर्वसीमा गांव का निवासी है। उसके साथ एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित