मधुबनी , अगस्त 02 -- बिहार के मधुबनी जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में बासोपट्टी थाना क्षेत्र से पांच लाख रुपये के जाली भारतीय नोटों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि सूचना के आधार पर आज दोपहर एसएसबी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बासोपट्टी थाना क्षेत्र के दूहबी बाजार में छापेमारी कर भरत महासेठ और उसके रिश्तेदार शिवकुमार राउत को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से पांच लाख रुपये के जाली भारतीय नोट बरामद किए गए।
सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी लंबे समय से जाली नोटों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। इस संबंध में बिहार एसटीएफ को लगातार सूचनाएं मिल रही थीं, जिसके बाद एसएसबी के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया गया।
सूत्रों के अनुसार मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि जाली नोट कहां से लाए गए थे तथा इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले भी बिहार एसटीएफ ने बासोपट्टी थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। उस मामले में तत्कालीन बासोपट्टी थानाध्यक्ष को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित