मधुबनी , जून 05 -- ड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने तथा राजमार्गों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से मधुबनी जिला प्रशासन ने डिस्ट्रिक्ट हाइवे सेफ्टी टास्क फोर्स का गठन किया है। यह निर्णय परिवहन विभाग के निर्देश के आलोक में लिया गया है।जिलाधिकारी आनंद शर्मा द्वारा गठित इस टास्क फोर्स का उद्देश्य राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा, अवैध अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर नियंत्रण, हाइवे पेट्रोलिंग, एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के संचालन, दुर्घटना संभावित स्थलों के सुधार तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

टास्क फोर्स के अध्यक्ष जिलाधिकारी होंगे, जबकि पुलिस अधीक्षक को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता और सिविल सर्जन को सदस्य तथा जिला परिवहन पदाधिकारी को सदस्य-सचिव नामित किया गया है।

समिति में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी, संबंधित अंचल अधिकारी तथा थानाध्यक्षों को भी सदस्य बनाया गया है।इसके अतिरिक्त जिला मोटर व्यवसायी संघ के अध्यक्ष और सचिव को आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस टास्क फोर्स के गठन से सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने, दुर्घटनाओं में कमी लाने और राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित