मधुबनी , अक्टूबर 25 -- बिहार में मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को अपनी फर्नीचर दुकान में दफना दिया। झंझारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने रविवार को बताया कि गुलशन खातून के लापता होने को लेकर उसके भाई मो. माजिद आरिफ अंसारी ने रुद्रपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।अनुसंधान के दौरान पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त मो. अमीरुल्लाह अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की।आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य पुरुष के साथ अवैध संबंध है। इसी शक में उसने तीन और चार अक्टूबर की रात करीब एक बजे पत्नी के सिर पर लकड़ी से वार कर दिया। उसके बेहोश होने के बाद उसने चाकू से गला काटकर जमलिया गांव स्थित अपनी फर्नीचर दुकान में उसकी हत्या कर दी।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया किहत्या के बाद आरोपी ने शव को जलाने का प्रयास किया, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल सका। इसके बाद उसने दुकान के अंदर गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और उसे लकड़ी के बुरादे से ढंककर छिपा दिया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित