मधुबनी , फरवरी 21 -- बिहार के मधुबनी जिले के प्रधान डाकघर से आठ लाख रुपये का फर्जी तरीके से निकालने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बातया कि नगर थाना क्षेत्र के मोहम्मद तसलीम के खाते से आठ लाख 11 हजार रुपये की राशि को फर्जी तरीके से निकालने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित मोहम्मद तसलीम ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। प्राथमिकी में हेड पोस्टमास्टर अशोक झा, आदर्श नगर निवासी साहिल सुमन,आरती देवी,सीएन झा एवं रजनी कांत झा को नामजद किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि मोहम्मद तसलीम ने थाना को दिए प्आवेदन में कहा है कि आदर्श नगर कॉलोनी निवासी और प्रधान डाकघर के एजेंट साहिल सुमन एवं आरती देवी ने प्रधान डाकघर में उनका खाता खुलवाया था। 27 जनवरी 2026 को उनका एफडी खाता मेच्योर हुआ। जब वे अपने खाता से परिपक्वता राशि प्राप्त करने के लिए प्रधान डाकघर पहुंचे, तो उन्हें डाकघर के कर्मियों ने जानकारी दी कि उनके आरडी खाता में परिपक्वता राशि उपलब्ध नहीं है। जांच करने पर पता चला कि साहिल सुमन ने डाकघर के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए उनके नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर पोस्ट ऑफिस में बचत खाता खुलवा लिया। इसके बाद साहिल सुमन ने डाकघर के कर्मचारियों के साथ मिलकर उनके आरडी खाते की राशि 08 लाख 11400 रुपये को फर्जी तरीके से अपने पीएनबी के बचत खाते में ट्रांसफर कर दी। इस मामले में डाककर्मी की मिलीभगत स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। डाकघर के अधिकारियों द्वारा कंप्यूटर रिकॉर्ड में दर्ज उनके मोबाइल नंबर को हटाकर उसकी जगह दूसरा मोबाइल नंबर दर्ज कर दिया, जिससे खाते से संबंधित किसी भी प्रकार का ओटीपी अलर्ट या किसी प्रकार की लेनदेन की सूचना आवेदक को प्राप्त न हो और वह अवैध निकासी कर सकें।
पुलिस अघीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि पोस्ट आफिस में गबन का मामला प्रथम दृष्टया सही प्रतीत हो रहा है। नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित