मधुबनी , जून 02 -- बिहार के मधुबनी जिले के पंडौल प्रखंड की दहिवत माधोपुर पूरब पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में कृषि विभाग के प्रधान सचिव सह प्रभारी सचिव नर्मदेश्वर लाल ने भाग लेकर आमजनों की शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई की तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। प्रभारी सचिव नर्मदेश्वर लाल ने इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों, आवश्यकताओं और सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने भाग लिया। लोगों ने भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए। प्रधान सचिव ने प्रत्येक आवेदन और शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नर्मदेश्वर लाल ने कहा कि सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास तथा संवाद को मजबूत करना भी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रधान सचिव ने कहा कि सहयोग शिविर सरकार की जनोन्मुखी सोच का परिणाम है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों के निष्पादन में पारदर्शिता और तत्परता बरती जाए तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित