पटना , अप्रैल 22 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बुधवार को मधुबनी जिले में बेनीपट्टी अंचल कार्यालय के लिपिक समेत दो लोगों को 10 हज़ार रूपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि मधुबनी जिले के अरेर थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी रविन्द्र यादव ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि लिपिक साकेत कुमार सिंह के द्वारा भूमि अतिक्रमण मुक्त करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता समीर चन्द्र झा के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त साकेत कुमार सिंह एवं अप्राथमिकी अभियुक्त परमानन्द झा को 10 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए अंचल कार्यालय, बेनीपट्टी परिसर से गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उन्हें मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित