मधुबनी , मार्च 12 -- बिहार में मधुबनी जिले के जयनगर में लूट की योजना को अंजाम देने वाले एक अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने आज संवाददाताओं को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी जयनगर में लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। थानाध्यक्ष ने मामलें की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने के बाद अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए एसआई मुकेश कुमार,पैंथर टीम राहुल कुमार,विकास कुमार एवं उत्तम कुमार को दल-बल के साथ चिन्हित स्थान थाना क्षेत्र के बेतौंहा गांव के कमला पुल बेतौंहा बांध के समीप भेजा गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने एक बाइक पर सवार दो युवक को बेतौंहा गांव से जयनगर की ओर आते हुए देखा। पुलिस टीम ने शक होने पर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बाईक पर सवार एक युवक वहां से फरार होने में सफल रहा, जबकि दूसरे को को पुलिस ने लोडेड पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान थाना क्षेत्र के बेलही वार्ड संख्या-05 पिपरा टोल निवासी शिव नारायण यादव के पुत्र धीरज कुमार यादव के रूप में की गई है। पुलिस ने इस दौरान एक पिस्तौल, पांच जिंदा गोली और एक चोरी की बाइक को जब्त किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित