मधुबनी , अप्रैल 05 -- बिहार में मधुबनी जिले के खजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार से लापता सुक्की गाँव निवासी रंजीत राम का शव रविवार को उसके घर के पास ही फेंका हुआ मिला है।
आज सुबह जब शव से दुर्गंध आने लगी, तब ग्रामीणों ने उसे देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक के परिजनों के अनुसार रंजीत राम शुक्रवार की रात्रि से ही लापता था। घर वालों ने उसकी काफी खोजबीन की, परंतू उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार की सुबह जब घर के पास के एक स्थान से तेज बदबू आने लगी, तो लोग वहां पहुंचे और रंजीत का शव देखा।
पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुहंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। शव के साथ सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई ने बताया कि रंजीत की हत्या बड़ी बेरहमी से की गई है। साक्ष्य छुपाने और पहचान मिटाने के उद्देश्य से अपराधियों ने उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया था। रंजीत स्थानीय सुक्की पंचायत के मुखिया का बेहद करीबी था और उनके सभी कार्यों की देखरेख करता था। मुखिया और उनके सहयोगी भी पिछले दो दिनों से उसे ढूंढ रहे थे।
खजौली थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस पुरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होने बताया कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित