मधुबनी , अप्रैल 09 -- बिहार में मधुबनी जिला के लदनियां थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर योगिया गांव से ब्राउन सूगर तथा नशीली दवा के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष अनुप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान योगिया गांव निवासी ललन पासवान व महाकांत सिंह के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि बुधवार की रात पुलिस टीम पद्मा चौक के पास क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि योगिया गांव में कुछ लोग अपने घरों से ब्राउन सूगर तथा नशीली दवा की बिक्री कर रहे हैं। पुलिस ने मामलें की सूचना वरीय अधिकारियों को देते हुए चिन्हित स्थल पहुंच कर आसपास के घरों की घेराबंदी की और इसी क्रम में देखा कि दो व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने दोनों को पकड लिए और उनके घर की तलाशी ली तो प्रतिबंधित दवा और एक डिब्बे में रखा हुआ ब्राउन शुगर मिला।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त नशीली दवा में 112 बोतल कोडिंगयुक्त सीरफ तथा 30 ग्राम ब्राउन सूगर को बरामद किया गया।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति को न्यायिक हिरासत में मधुबनी भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित