मधुबनी , मई 16 -- बिहार के मधुबनी जिले में कलुआही थाना की पुलिस ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में नेपाली देसी शराब बरामद की है।

कलुआही थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की रात सूचना मिली थी कि जयनगर की ओर से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में नेपाली शराब लाई जा रही है। तड़के करीब तीन बजे जयनगर-दरभंगा एनएच 527बी पर कलुआही मछहट्टा के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जयनगर की ओर से आ रही एक पिकअप गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन को तेजी से हरिपुर डीहटोल जाने वाली ग्रामीण सड़क की ओर मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, लेकिन चालक सड़क किनारे वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 19 प्लास्टिक बोरे बरामद हुए, जिनमें 123 कार्टून में नेपाली देसी शराब भरी हुई थी। कुल मिलाकर 3690 बोतल शराब बरामद की गई है। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। इस मामले में कलुआही थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित