मधुबनी , अप्रैल 10 -- बिहार में मधुबनी जिले के फुलपरास थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तेल टैंकर में छिपाकर लाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है।

इस मामले में पुलिस ने गुप्त सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष निरंजन कुमार के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में स्थित मध्य विद्यालय जागेश्वर स्थान की बाउंड्री की उत्तर दिशा में छापेमारी कर तेल टैंकर में छिपाकर लाई जा रही अंग्रेजी शराब को बरामद किया है।

इस छापेमारी में पुलिस ने 362 कार्टन में रखी 10,389 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की, जिसकी कुल मात्रा 1773 लीटर बताई जा रही है। शराब की खेप के साथ प्रयुक्त तेल टैंकर को भी जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए शराब को तेल टैंकर के भीतर छिपाकर रखा था। । प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान चालक भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार चालक को आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित