मधुबनी , फरवरी 20 -- बिहार के मधुबनी जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने 82 अलग-अलग स्थानों पर सघन छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद करने के साथ 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने आज जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान कुल 140 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। साथ ही, तस्करी में प्रयोग होने वाले एक वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार किए गए 12 अभियुक्तों में चार शराब तस्कर और आठ शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति शामिल हैं।
श्री ठाकुर ने बताया कि शराब माफियाओं के खिलाफ इस बार अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया। लखनौर थाना क्षेत्र के कच्छवी और बथनाहा इलाकों में ड्रोन टीम ने आसमान से निगरानी कर अवैध शराब भट्ठियों का पता लगाया। उन्होंने कहा कि ड्रोन से लोकेशन ट्रेस होने के बाद टीम ने छापेमारी कर 530 किलो ग्राम अर्धनिर्मित शराब जब्त किया और उसे बाजार में पहुँचने से पहले ही विनष्ट कर दिया।
उत्पाद अधीक्षक श्री ठाकुर ने स्पष्ट किया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और सभी 12 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित