मधुबनी , फरवरी 25 -- बिहार में मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बुधवार को एक चिकित्सक पर अंधाधुंध फायरिंग की, हालांकि इस जानलेवा हमले में वह बाल-बाल बच गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि चिकित्सक परीक्षण पासवान जगतपुर गांव स्थित अपने घर के दरवाजे पर बैठकर अखबार पढ़ रहे थे। इस दौरान अचानक एक बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने उनपर फायरिंग कर दी। चिकित्सक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार होने में सफल रहे।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रहिका थाना पुलिस तुरंत जगतपुर गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। पीड़ित चिकित्सक ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उन पर हमला क्यों किया गया। उन्होंने कहा, पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस हमले के पीछे किसका हाथ है।
सूत्रों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे बाइक सवार अपराधियों की पहचान हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित