मधुबनी , फरवरी 15 -- बिहार के मधुबनी जिले में घोघरडीहा थाना की पुलिस ने 57 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। फुलपरास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने आज संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सूचना मिली थी कि घोघरडीहा थाना क्षेत्र के बसुआरी गांव में गांजा की बड़ी खेप की डील होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष शुभम कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। शनिवार की देर रात टीम ने बसुआरी गांव स्थित राम उदगार यादव के घर पर छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से घबराकर तस्कर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन लोगों को मौके से दबोच लिया।
श्री कुमार ने बताया कि घर की सघन तलाशी के दौरान 57 किलो गांजा,एक लाख 70 हजार रुपये नकद,एक बाइक,दो मोबाइल फोन तथा सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए गए। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित