मधुबनी , जुलाई 23 -- बिहार के मधुबनी जिले में हरलाखी थाना की पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 260 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान लदनिया थाना क्षेत्र के जोगिया गांव के मोतीलाल साह और साहरघाट थाना के रैमा गांव के मो. अलउद्दीन के रूप में हुई है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमित कुमार ने बताया कि, एसएसपी और ग्रामीण एसपी के निर्देश पर नारकोटिक्स और शराब के धड़ पकड़ के लिए रोजाना कार्रवाई होती है। इसी कड़ी में हरलाखी थाना के अवर निरीक्षक संतोष कुमार विशौल में वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान हरलाखी की ओर से एक बाइक सवार आता दिखा, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। जिसे पुलिस बल ने खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी लिए जाने के बाद उसके पास से तीन पैकेट ब्राउन शुगर कुल 156 ग्राम बरामद हुआ और एक मोबाइल जब्त किया गया। पूछताछ के बाद बताया कि, ब्राउन शुगर साहरघाट के रैमा गांव के मो. अलउद्दीन के यहां से खरीद कर बिक्री करते है। जिसके आधार पर पुलिस ने रैमा में छापेमारी किया तो पुलिस को देख भागने लगा। पकड़े जाने पर अपना नाम बताया। उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से दो पैकेट रखा 104 ग्राम ब्राउन शुगर मिला। पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित