मधुबनी , मार्च 01 -- होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिये मधुबनी जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इस संबंध में मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने संयुक्त आदेश जारी करते हुएये जिलेभर में सख्त विधि-व्यवस्था संधारण के निर्देश दिये हैं।

जारी आदेश के तहत जिले के 478 स्थानों पर 956 दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारी निभाने और संयुक्त फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से भेजने के निर्देश दिये गये हैं। असामाजिक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों और कानून हाथ में लेने वालों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सादे लिबास में पुलिसकर्मी भी निगरानी करेंगे।

विधि-व्यवस्था को मजबूत करने के लिये जिले को पांच भागों में बांटकर एडीएम स्तर के अधिकारियों को जवाबदेही सौंपी गई है। 02 से 05 मार्च तक जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे तीन शिफ्टों में सक्रिय रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिये दंगा नियंत्रण कंपनी, वज्रवाहन, अग्निशमन दस्ता, एंबुलेंस और चिकित्सा टीम तैनात रहेगी। सभी पीएचसी में भी 24 घंटे स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध रहेंगी।

साथ ही डीजे पर उत्तेजक और अश्लील होली गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। ड्रोन और प्रशिक्षित डॉग की मदद से सार्वजनिक स्थलों, नदी, जंगल और खेतों में सघन जांच अभियान चलेगा। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित