मधुबनी , जनवरी 30 -- बिहार में मधुबनी जिले के झंझारपुर अनुमंडल अंतर्गत अररिया संग्राम थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियार से लैस एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा,एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक(एसपी) योगेंद्र कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि झंझारपुर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के मामले में पुलिस लगातार अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में गुप्त सूचना मिली कि रघुनंदनपुर से सुगरवे नदी जाने वाली सड़क पर एक पुलिया के पास हथियारबंद अपराधी अपने साथियों का इंतजार कर रहा है।
पुलिस टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो आरोपी भागने लगा, जिसे जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया। आरोपी की पहचान संतोष चौपाल के रूप में हुई है।
इस मामले में पुलिस की पूछताछ के दौरान संतोष चौपाल ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने स्वीकार किया कि वह अंधराठाढ़ी और अररिया संग्राम थाना क्षेत्रों में हुई कई बड़ी चोरियों में शामिल था। विशेष रूप से 10 जनवरी 2026 की रात वीरेंद्र कुमार झा के घर से नकदी और जेवरात की चोरी की घटना में उसकी मुख्य भूमिका थी। आरोपी ने सुपौल जिले और राजस्थान के बीकानेर में भी अपराधिक वारदातों को भी अंजाम देने की बात कबूल की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 05/26 दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। संतोष ने अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस सघन छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित