मधुबनी , मार्च 09 -- बिहार के मधुबनी जिला में जिलाधिकारी आनंद शर्मा की सतत निगरानी और प्रशासनिक सक्रियता के कारण अधिकारियों-कर्मियों की संपत्ति विवरणी अपलोड करने के मामले में जिला पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।

जिलाधिकारी श्री शर्मा के निर्देश पर सभी विभागों के डीडीओ को समयबद्ध तरीके से संपत्ति विवरणी जमा कर पोर्टल पर अपलोड कराने को कहा गया था। इसके अनुपालन में जिला स्तर पर गठित आईटी सेल ने तत्परता से विवरणी अपलोड की। जिला प्रशासन के अनुसार कुल 26,705 अधिकारियों और कर्मियों की संपत्ति विवरणी सफलतापूर्वक पोर्टल पर अपलोड की गई है।

जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिये सभी विभागों के पदाधिकारियों, डीडीओ और आईटी सेल की टीम की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुशासन की आधारशिला है। उन्होंने भविष्य में भी सभी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित