मधुबनी , मार्च 14 -- बिहार में मधुबनी के जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने आरटीपीएस के संचालन में लापरवाही बरतने एवं लंबे अवधि से अनुपस्थित रहने के साथ विभाग के स्पष्टीकरण मांगने पर कोई जवाब नही देने के कारण तीन कार्यपालक सहायकों की संविदा रद्द कर दी है।
इस मामले में रवि कुमार, पंचायत कार्यपालक सहायक, पंचायत महपतिया, प्रखंड मधेपुर एवं संतोष कुमार यादव, पंचायत कार्यपालक सहायक, पंचायत-भखराईन, प्रखण्ड-मधेपुर तथा श्रीमती खुशबू कुमारी, पंचायत कार्यपालक सहायक, पंचायत-शाहपुर, प्रखण्ड-बेनीपट्टी को लापरवाही बरतने के चलते कारण पृच्छा की गई थी। तीनों पंचायत कार्यपालक सहायकों से स्पष्टीकरण का जबाब अप्राप्त रहने की स्थिति में पुनः कारण पृच्छा समर्पित करने का निदेश दिया गया, परन्तु इनके द्वारा कारण पृच्छा समर्पित नहीं किया गया। पुनः इन सभी पंचायत कार्यपालक सहायकों को कारण पृच्छा समर्पित करने का निर्देश दिया गया, परन्तु अद्यतन तिथि तक इन सभी ने किसी पत्र का जबाब समर्पित नहीं किया , जिससे स्पष्ट होता है कि इन सभी ने कार्य में अभिरूचि नहीं ली और उच्चाधिकारी के आदेश की अवहेलना भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित